Video — Self-reliant 3 years old Aadi

आदि अपना काम स्वयं करना जबसे उनसे संभव होना शुरू हुआ, तबसे पसंद करते आए हैं। समय के साथ बढ़ती क्षमताओं के साथ आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते हुए क्रम में लगातार अग्रसर रहते हैं। बाहर कहीं घूमने जाना हो या साइकिल पर चलना हो या पार्क जाना हो या संग्रहालय या कला-वीथि या पुस्तकालय या विज्ञान तकनीकी केंद्र या कहीं और। आदि अपनी तैयारी अब स्वयं करते हैं। शर्ट पहन लेते हैं, पैंट पहन लेते हैं, स्वेटर पहन लेते हैं। गंदे कपड़े वाशिंग मशीन में डाल आते हैं। यदि उसके पावर स्विच तक पहुंच पाएं तो चालू करके कपड़े धो भी डालें। खैर।

यह वीडियो हमने आदि की सहमति से बनाई है, उनको बताया कि आज वह कहीं जाने के पहले अपनी तैयारी कैसे करते हैं, इसका वीडियो बनाऊंगा। मैंने यह महसूस किया है कि आदि के आसपास कोई नहीं होता है तो आदि अपना काम बहुत बेहतर तरीके से करते हैं। जब हम लोग आसपास होते हैं तो आदि फटाफट करने के जुगाड़ में हम लोगों से भी कुछ सहयोग की अपेक्षा करते हैं।

—-

आदि साप्ताहिक कूड़ा दानों को कूड़ा वाहन के जाने के बाद खाली होने के बाद सड़क व घर की सीमा पर से बागवानी के अंदर लाने में मदद करते हैं। आज कूड़ा दानों को बाहर रखने का दिन था, कल कूड़ा वाहन आकर कूड़ा ले जाएगा। हमसे कहते हैं कि एक कूड़ा दान वह भी बाहर ले जाकर रखेंगे। हमने कहा कि भारी हैं, लंबाई भी अधिक है, नहीं हो पाएगा। आदि कहते हैं कि पहिया लगे हैं, मैं दोनों हाथों से पकड़ कर आगे से खींच कर ले जाऊंगा। हमने कहा कि नहीं हो पाएगा, तब आदि बहुत ठसक से कहते हैं कि करने तो दीजिए, मैं कर लूंगा। हमने कहा ठीक है। आदि लगभग 150 लीटर का कूड़ा दान पहियों पर आगे से खींच कर बागवानी से सड़क व घर की सीमा पर ले गए, वहां जाकर ठीक से कूड़ेदान को खड़ा किया। फिर खुशी के मारे चीखते हुए घर में घुसते हैं कि मैंने कर दिया मैंने कर दिया।

यह छोटी सी घटना सफाई, कूड़ा प्रबंधन, परिश्रम, हर काम को करने की सोच व आत्मविश्वास बहुत कुछ दे जाती है। यही सब छोटी-छोटी दीखने वाली घटनाएं बच्चे को बेहतर मनुष्य व बेहतर समाज बनाने में सहयोगी भूमिका निभातीं हैं।

आदि का कहीं जाने से पहले तैयारी करने का वीडियो (Video)